ब्राजील राष्ट्रपति बोल्सोनारो का बयान- कोरोना वैक्सीन लगाने से मगरमच्छ बन जाएंगे, महिलाओं को उग आएगी दाढ़ी

ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो ने कोरोना वैक्सीन पर हमला बोला है. उन्होंने कहा है कि फाइजर-बायोन्टेक कंपनी द्वारा विकसित कोरोना वैक्सीन लोगों को मगरमच्छ या दाढ़ी वाली औरत बना देगा. धुर दक्षिणपंथी नेता बोल्सोनारो शुरुआत से ही कोरोना वायरस को हल्के में लेते रहे हैं. पिछले साल के आखिर में शुरू हुए कोरोना वायरस संक्रमण को उन्होंने हल्का बुखार बताया था. इस हफ्ते जब पूरे देश में मास वैक्सीनेशन की शुरूआत हुई तो बोल्सोनारो ने खुद को टीका लगवाने से मना कर दिया.
बोल्सोनारो ने कहा कि फाइजर ने अपने कांट्रेक्ट में स्पष्ट लिखा है कि हम टीके के साइड इफेक्ट की कोई जिम्मेवारी नहीं लेते हैं. उन्होंने इस कांट्रेक्ट का मजाक बनाते हुए कहा कि अगर आप टीका लगवाने के बाद मगरमच्छ बन जाएंगे तो यह आपकी समस्या है.
ब्राजील में फाइजर के वैक्सीन का कई हफ्तों से ट्रायल चल रहा है और अमेरिका और ब्रिटेन में इस कंपनी का सामूहिक टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जा रहा है. उन्होंने टीका बनाने वाली कंपनी का मजाक बनाते हुए कहा कि अगर आप सुपरह्यूमन बन गए और किसी महिला की दाढ़ी निकल आई और एक पुरूष की आवाज महिलाओं की तरह हो जाए तो इस बारे में दवा कंपनी कुछ भी नहीं करेगी.