विधान सभा अध्यक्ष ने ग्रहण करायी प्रेमपाल सिंह धनगर को विधान सभा की सदस्यता

लखनऊ /एटा ! उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष श्री हृदय नारायण दीक्षित ने आज मंगलवार को विधान भवन स्थित राजर्षि पुरूषोत्तम दास टण्डन हाॅल में एटा कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम बदरिया निवासी एवं जनपद-फिरोजाबाद के विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र सं॰-95, टूण्डला से नव-निर्वाचित भाजपा विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर को विधान सभा की सदस्यता की शपथ दिलायी।
विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर ने विधान सभा अध्यक्ष श्री दीक्षित के समक्ष उपस्थित होकर शपथ ग्रहण की। विधान सभा अध्यक्ष ने उन्हें संविधान, विधान सभा कार्य संचालन नियमावली, स्वलिखित पुस्तक ‘हिन्द स्वराज्य का पुनर्पाठ‘, उ॰प्र॰ विधानसभा अध्यक्ष का तीसरा वर्ष पुस्तक एवं संसदीय दीपिका के नवम्बर अंक की प्रति भेंट की। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष ने नव-निर्वाचित सदस्य विधान सभा को बधाई देते हुए कहा कि वह विधान सभा में एक जागरूक एवं सफल विधायक के रूप में कामयाब हों और जीवन में यशस्वी हों तथा सदन में होने वाले वाद-विवाद में हिस्सा लेकर अपने क्षेत्र की जनता के जनहित की समस्याओं के निराकरण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाये।
इस अवसर पर माननीय विधायक के पारिवारिक सदस्य एवं क्षेत्रिय कार्यकर्ता के साथ ही उ॰प्र॰ विधान सभा के प्रमुख सचिव, श्री प्रदीप कुमार दुबे भी उपस्थित रहे।