लव मैरिज से नाराज भाई ने अपनी बहन का गला रेता

*लव मैरिज से नाराज भाई ने अपनी बहन का गला रेता* गुरुवार सुबह एक भाई ने अपनी बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र निवासी राहिल जहां पुत्री मोहम्मद सईद ने नर्सिंग का कोर्स किया हुआ था। पांच वर्ष पहले राहिल की शादी खुर्शीद निवासी अलीगढ़ के साथ हुई थी। दोनों का एक पांच साल का बेटा भी है। किसी अनबन के बाद चार साल पहले राहिल खुर्शीद को छोड़कर अपने बेटे के साथ लिसाड़ीगेट क्षेत्र में ही रह रही थी। यहां पर कुछ दिन पूर्व उसने एक नर्सिंग होम भी खोल लिया। बताया गया कि पहले पति से अनबन के बाद से राहिल सपा के पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री फारुख हसन निवासी पांचली के साथ प्रेम संबंध में थी। कुछ दिन पूर्व फारुख हसन के सुसराल वालों ने दोनों को एक साथ देख लिया था। इसके बाद दोनों से मारपीट की और राहिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का दबाव बनाया। इसी दौरान 11 सितंबर को फारुख हसन और राहिल ने कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद से दोनों मेरठ में ही किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे। चार दिन पूर्व राहिल जहां का भाई उसके घर पहुंचा और उसके मायके चलने के लिए राजी कर लिया। राहिल बुधवार रात को अपने मायके में ही थी कि भाई राहिल व उसकी बहन के लिए लस्सी लेकर आया। इसमें राहिल की लस्सी में उसने नशे की गोलियां मिला दीं। इसके बाद राहिल के हाथ पैर बांधे और सुबह तीन बजे धारदार हथियार से बहन राहिल का गला काट दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाई ने मां को जगाया और कहा कि उठकर देख लो राहिल की तबीयत ठीक नहीं है। मां ने उठकर देखा तो राहिल जहां चारपाई पर लहुलूहान पड़ी हुई थी। घटना से घर में कोहराम मच गया। इसी दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच पड़ताल की। इंस्पेक्टर थाना लिसाड़ी गेट नजीर अली खान के अनुसार मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी फरार है उसकी तलाश की जा रही है।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks