बिहार सरकार ने कोरोना सावधानी के साथ छठ महापर्व मनाने का दिया आदेश, जारी किया गाइडलाइन

अब बिहार का सबसे बड़ा महापर्व छठ आने वाला है. मगर कोरोना काल में लोक आस्था के इस महापर्व पर प्रशासन ने श्रद्धालुओं को घाट पर अर्ध्य के दौरान तालाब में डुबकी नहीं लगाने के निर्देश दिए हैं. बिहार सरकार ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि वो घाटों पर बैरिकेडिंग इस तरीके से लगाएं कि श्रद्धालु उसमें डुबकी नहीं लगा सकें. गाइडलाइन के मुताबिक छठ पर्व के दौरान बुखार से ग्रसित लोग, 60 साल के ऊपर के उम्र के व्यक्ति और 10 साल से कम उम्र के बच्चों को घाट पर नहीं जाने की सलाह दी गई है.
जारी निर्देश-
● सभी व्यक्ति सामाजिक दूरी का पालन करें. छठ घाटों पर भीड़ नहीं लगाएं.
● छठ घाटों पर लोग अनिवार्य रूप से फेस मास्क का उपयोग करें.
● 60 साल से ऊपर के बुजुर्ग और 10 साल से कम उम्र के बच्चे घाट पर न जाएं.
● बुखार से पीड़ित और गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोग घाट पर नहीं जाएं.
● भगवान सूर्य की अर्घ्य के दौरान नदी-तालाब में डुबकी नहीं लगाएं.
साथ ही जिला प्रशासन को यह भी निर्देश दिया गया है कि वो लगातार लोगों से अपील करें कि वो इस बार घाटों पर न जाकर अपने घरों में ही छठ पर्व मनाएं. इसके बावजूद भी यदि श्रद्धालु तालाब या घाटों पर छठ मनाने आते हैं तो सख्ती से कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जाए.