रेलवे ने दिवाली-छठ से पहले यूपी-बिहार के लिए 68 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का किया एलान

दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वालों को भारतीय रेलवे ने अच्छी खबर दी है. अगर त्योहारों में आप घर जाने की योजना बना रहे हैं तो आपको ट्रेन में टिकट के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा. इसके लिए भारतीय रेलवे ने 68 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है. यह सभी ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग जिलों के साथ देश के कुछ अन्य हिस्सों में भी जाएंगी.
अगर आप भी यूपी-बिहार में अपने घर जाने की योजना बना रहे हैं तो इन ट्रेनों की लिस्ट चेक कर आज ही अपना टिकट बुक करा सकते हैं. ये सभी ट्रेन पूरी तरह से आरक्षित हैं. इसलिए टिकट रिजर्वेशन के बिना यात्रियों को सफर करने की अनुमति नहीं होगी. कोरोना काल में फिलहाल सीमित संख्या में ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. ऐसे में फेस्टिवल सीजन में ट्रेनों की मांग को देखते हुए रेलवे ने अन्य स्पेशल ट्रेनों को चलाने का फैसला किया है.
रेलवे ने इससे पहले दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ के मौके पर मांग को पूरा करने के लिए 392 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया था. भारतीय रेलवे के मुताबिक, ये स्पेशल ट्रेनें 20 अक्टूबर 2020 से दीपावली और छठ पूजा के बाद 30 नवंबर 2020 तक चलाई जा रही हैं. वहीं, लंबी वेटिंग लिस्ट वाले सबसे ज्यादा व्यस्त रूट्स के लिए भारतीय रेलवे ने क्लोन ट्रेनें चलाने का फैसला भी किया है. क्लोन ट्रेनों की रफ्तार मुख्य ट्रेन से ज्यादा होगी. साथ ही ये कम स्टेशनों पर रुकेगी. इसलिए ये ट्रेनें मुख्य ट्रेनों के बाद चलने के बावजदू समय पर आखिरी स्टेशन तक पहुंचेंगी.