
FB पर बेटी की उम्र की लड़की से हुई मोहब्बत, गर्लफ्रेंड को पाने के लिए 15 महीने के नाती का किया अपहरण नाना ने जिस गर्लफ्रेंड को पाने के लिए पंद्रह महीने के बच्चे का अपहरण किया, उसे उसका भांजा भगा ले गया था। भांजे से बदला लेने और गर्लफ्रेंड को वापस पाने के लिए ही बुजुर्ग ने इस वारदात को अंजाम दिया था। बहरहाल पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए बच्चे को सही सलामत बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी नाना और वारदात में शामिल उसके एक साथी दिलदार को गिरफ्तार कर लिया है। बुजुर्ग नाना ने करीब 42 घंटे तक मासूम को अगवा कर अपने पास छिपाकर रखा था। इस दौरान बेटी से छोटी उम्र की गर्लफ्रेंड को पाने लिए वह लगातार बच्चे के परिवार वालों को जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। हैरान करने वाली यह वारदात शहर के करेली थाना इलाके की है। यहां रहने वाला नन्हे (55) सऊदी अरब में रहकर काम करता था। वह हर डेढ़ दो साल में भारत आकर कुछ दिनों तक अपने परिवार के साथ रहता था। सऊदी अरब में रहते हुए उसकी दोस्ती प्रयागराज की ही एक लड़की से हो गई। दोनों में फोन पर बातचीत भी होने लगी। हालांकि फेसबुक गर्लफ्रेंड उसकी बेटी की उम्र की थी। बुजुर्ग नन्हे पर गर्लफ्रेंड का नशा इस कदर चढ़ा कि वह सऊदी अरब से भारत आ गया। भरा पूरा परिवार होने के बावजूद नन्हे बेटी की उम्र गर्लफ्रेंड से शादी के लिए मचलने लगा। उसने अपने भांजे सलमान को लड़की के पास शादी का रिश्ता लेकर भेजा. उसने भांजे सलमान को लड़की को किसी भी कीमत पर शादी के लिए राज़ी करने को कहा। कहानी में उस समय नया मोड़ आ गया, जब बुजुर्ग नन्हे की शादी का रिश्ता लेकर लड़की के पास पहुंचा सलमान खुद उस पर फ़िदा हो गया। लड़की भी सलमान के करीब आ गई। दोनों शादी करने की तैयारी में जुट गए। यह बात नन्हे को पता चली तो उसने दोनों को धमकी दी। नन्हे की धमकी से डरकर भांजा सलमान उसी लड़की के साथ कहीं भाग गया। दोनों का कोई पता नहीं चला तो नन्हे बदला लेने पर उतारू हो गया। नन्हे ने सलमान के पंद्रह महीने के भांजे को उसके घर के पास से अगवा कर लिया और उसे कहीं छिपाकर रखा। इस दौरान वह भांजे सलमान और बच्चे के परिवार वालों को फोन कर कथित गर्लफ्रेंड को सौंपने की डिमांड करता रहा। वह बार बार धमकी दे रहा था कि अगर गर्लफ्रेंड उसे नहीं सौंपी गई तो वह बच्चे को मौत के घाट उतार देगा। पुलिस ने इस मामले में चुपचाप काम किया। सर्विलांस की मदद से नन्हे का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया गया और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। बेटी की उम्र वाली गर्लफ्रेंड से शादी के लिए पागल बुजुर्ग और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब उसे जेल भेजने की तैयारी में है। प्रयागराज के एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी का कहना है कि अपने आप में यह बेहद पेचीदा मामला था। उन्होंने बच्चे को बरामद करने वाली टीम को ईनाम देने का एलान किया है।