
बरेली। रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड पर शनिवार को 27वीं अन्तर्जनपदीय बरेली जोन पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का शानदार आगाज हुआ। मुख्य अतिथि एसएसपी अनुराग आर्य ने पिच पर उतरकर बल्लेबाजी करते हुए प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। लीग पद्धति पर खेली जा रही इस प्रतियोगिता में बरेली जोन की सभी 9 टीमें खिताब के लिए जोर-आजमाइश कर रही हैं।
पहले दिन खेले गए तीन रोमांचक मुकाबलों का हाल:
बरेली की 30 रनों से शानदार जीत: रिजर्व पुलिस लाइन ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करते हुए बरेली ने 18 ओवर में 178 रन बनाए, जिसमें एएसपी शिवम आशुतोष ने 46 गेंदों में 8 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 87 रनों की आतिशी पारी खेली। जवाब में पीलीभीत की टीम 9 विकेट खोकर 148 रन ही बना सकी। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए एएसपी शिवम आशुतोष ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए।

मुरादाबाद ने बदायूं को 5 विकेट से हराया: पहले बल्लेबाजी करते हुए बदायूं ने 16 ओवर में 119 रन बनाए (अमन त्यागी 47 रन), जिसमें मुरादाबाद के शेखर मलिक ने महज 17 रन देकर 4 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए मुरादाबाद ने 15.1 ओवर में 123 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। शेखर मलिक ‘मैन ऑफ द मैच’ रहे।
अमरोहा की 9 विकेट से एकतरफा जीत: खुसरो ग्राउंड (सी.बी. गंज) में शाहजहांपुर ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 172 रन बनाए (शौर्य कसाना 68 रन)। जवाब में अमरोहा ने चेतन (नाबाद 74 रन) और अतुल चौधरी (54 रन) की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर महज 14.2 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अतुल चौधरी ‘मैन ऑफ द मैच’ बने।
उद्घाटन अवसर पर एसपी उत्तरी संतोष कुमार, एसपी अपराध मनीष सोनकर, एसपी यातायात मोहम्मद अकमल खान, सीओ लाइन शिवम आशुतोष सहित अन्य पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।