
बरेली। हर-हर गंगे और भक्तिमय जयकारों के साथ पूरा रामगंगा तट गूंज रहा है। ऐतिहासिक चौबारी मेले में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा है कि घाटों पर ‘मिनी कुंभ’ जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। बरेली समेत आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चौबारी मेले में पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु पवित्र स्नान के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
8 सेक्टरों में बंटा मेला क्षेत्र, चप्पे-चप्पे पर पहरा
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम करते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 8 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में दो मजिस्ट्रेटों के साथ भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। मेले की सुरक्षा का जिम्मा करीब 1,000 पुलिसकर्मियों के कंधों पर है, जिनकी मदद के लिए 8 अस्थायी पुलिस चौकियां, 9 वॉच टावर और 18 मोबाइल पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।
महिला सुरक्षा व निगरानी के लिए खास इंतजाम
मेले में आने वाली महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर प्रशासन का विशेष ध्यान है। महिला पुलिसकर्मियों के साथ-साथ ‘मिशन शक्ति’ और ‘एंटी रोमियो स्क्वायड’ की टीमें सादे वस्त्रों और वर्दी में मुस्तैद हैं। पूरे मेला परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जा रही है। इसके अलावा, भीड़ में अपनों से बिछड़ने वालों को मिलाने के लिए ‘खोया-पाया केंद्र’ भी सक्रिय रूप से काम कर रहा है।
घाटों पर SDRF और गोताखोर मुस्तैद
स्नान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या अनहोनी को रोकने के लिए रामगंगा घाट पर एसडीआरएफ (SDRF), पीएसी (PAC) और स्थानीय गोताखोरों की टीमें तैनात की गई हैं। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। एसपी सिटी चिराग जैन और एसपी साउथ अंशिका वर्मा खुद मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए घाट पर मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
बदायूं रोड पर रूट डायवर्जन, भारी वाहन प्रतिबंधित
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। बदायूं रोड से रामगंगा की ओर जाने वाले भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। शहर से चौबारी घाट तक जाम की स्थिति न बने, इसके लिए 200 से अधिक ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
28 नवंबर तक सजेगी मेले की रौनक, नखासा बाजार बना आकर्षण
20 नवंबर से शुरू हुआ यह ऐतिहासिक मेला 28 नवंबर तक चलेगा। मेले में खानपान, बच्चों के खिलौनों और घरेलू सामान की सैकड़ों दुकानें सजी हैं, जहां जमकर खरीदारी हो रही है। मेले का प्रसिद्ध ‘नखासा बाजार’ भी लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्रशासन का अनुमान है कि आज कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर डेढ़ से दो लाख श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे।