डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का बुधवार को दौरा; जिला अस्पताल का निरीक्षण व अधिवक्ता अनिल द्विवेदी के कार्यक्रम में होंगे शामिल


बरेली। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार 18 नवंबर को बरेली दौरे पर रहेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी हो गया है। उप मुख्यमंत्री बरेली में प्लाईवुड फैक्ट्री का शुभारंभ करने के साथ जिला अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। उनके दौरे में कैंट स्थित योगवीणा लॉन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होना भी निर्धारित है। यह कार्यक्रम बरेली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता अनिल द्विवेदी की ओर से आयोजित किया गया है।

डिप्टी सीएम के दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उनके आगमन को देखते हुए जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। वहीं, वीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर बरेली पुलिस ने यातायात डायवर्जन भी लागू करने की तैयारी की है। 18 नवंबर को सुबह सात बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

सुबह बुलंदशहर में कार्यक्रम, दोपहर में पहुंचेंगे बरेली

जारी कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सुबह आठ बजे नई दिल्ली स्थित यूपी सदन से स्टाफ कार द्वारा रवाना होंगे। सुबह 9:30 बजे वह बुलंदशहर के तहसील स्याना क्षेत्र के ग्राम अलीनगर स्थित श्री श्याम कृपा धाम पहुंचेंगे। यहां मंदिर के शिलान्यास एवं भूमि पूजन के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे।

सुबह 10 बजे वहां से रवाना होकर 11:30 बजे हिंडन एयरपोर्ट गाजियाबाद पहुंचेंगे। 11:35 बजे राजकीय वायुयान से रवाना होकर दोपहर 12:05 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

प्लाईवुड फैक्ट्री का करेंगे शुभारंभ

बरेली पहुंचने के बाद उप मुख्यमंत्री दोपहर 12:20 बजे जे.जी. भार्गवी इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, ग्राम पिपरिया रामदयाल, पोस्ट रिठौरा पहुंचेंगे। यहां वह नवीन प्लाईवुड फैक्ट्री का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद दोपहर 12:40 बजे रवाना होंगे।

जिला अस्पताल का निरीक्षण, स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक

डिप्टी सीएम का अगला कार्यक्रम दोपहर एक बजे जिला अस्पताल बरेली में निर्धारित है। यहां वह अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इस दौरान मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं, उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेंगे।

इसके बाद जिले के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री के दौरे को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और जिला अस्पताल के अन्य अधिकारियों ने पहले ही व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की है।

अधिवक्ता अनिल द्विवेदी के कार्यक्रम में होंगे शामिल

जिला अस्पताल से दोपहर 1:20 बजे रवाना होकर उप मुख्यमंत्री 1:30 बजे कैंट स्थित योगवीणा लॉन पहुंचेंगे। यहां अधिवक्ता अनिल द्विवेदी के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। जारी कार्यक्रम में अनिल द्विवेदी को बरेली बार एसोसिएशन का अध्यक्ष बताया गया है। इस कार्यक्रम के लिए संपर्क व्यक्ति के रूप में भी उनका नाम दर्ज है।

इससे पहले उनके निजी कार्यक्रम में शामिल होने की चर्चा थी, लेकिन अब जारी आधिकारिक कार्यक्रम में योगवीणा लॉन, कैंट में आयोजित कार्यक्रम में उनकी सहभागिता का स्पष्ट उल्लेख है। कार्यक्रम के बाद दोपहर 1:50 बजे वह बरेली एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।

दोपहर 2:10 बजे एयरपोर्ट पहुंचकर 2:15 बजे राजकीय वायुयान से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। दोपहर तीन बजे लखनऊ एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर पहुंचने और 3:30 बजे राजभवन पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

वीआईपी दौरे को लेकर यातायात डायवर्जन लागू

उप मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए बरेली पुलिस ने 18 नवंबर को सुबह सात बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक विशेष यातायात डायवर्जन जारी किया है। इसके तहत शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

परसाखेड़ा रोड नंबर-एक, विल्वा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा, इन्वर्टिस तिराहा, ट्रांसपोर्टनगर, रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ से भारी वाहनों को शहर की ओर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

दिल्ली और रामपुर से बदायूं जाने वाले भारी वाहन झुमका तिराहा, बड़ा बाईपास, विल्वा, विलयधाम, नवदिया झादा, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज और देवचरा होते हुए भमौरा के रास्ते जाएंगे। वहीं, लखनऊ से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर और इन्वर्टिस तिराहा होते हुए बड़ा बाईपास का इस्तेमाल करेंगे।

रोडवेज बसों के लिए भी बदले रास्ते

दिल्ली और रामपुर की ओर से बरेली आने वाली रोडवेज बसें झुमका तिराहा, विल्वा, विलयधाम और इन्वर्टिस तिराहा होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड पहुंचेंगी। नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाली बसों के लिए भी यही मार्ग निर्धारित किया गया है।

बरेली से बदायूं जाने वाली रोडवेज बसें सैटेलाइट बस स्टैंड से इन्वर्टिस तिराहा, फतेहगंज पूर्वी, बुखारा मोड़ और देवचरा चौराहा होते हुए जाएंगी। शाहजहांपुर और लखनऊ की ओर से आने वाली बसें इन्वर्टिस तिराहा होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड पहुंचेंगी।

पुराने रोडवेज बस स्टैंड से बंद रहेगा संचालन

18 नवंबर को सुबह सात बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक पुराने रोडवेज बस स्टैंड (नॉवेल्टी) से सभी प्रकार की रोडवेज बसों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान रोडवेज बसों का संचालन सैटेलाइट बस स्टैंड से किया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित बस स्टैंड और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही घर से निकलें।

प्रशासन और पुलिस ने की सहयोग की अपील

डिप्टी सीएम के दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया जा रहा है। बरेली पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात डायवर्जन का पालन करें और आवागमन के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।

उप मुख्यमंत्री के इस दौरे में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा और अधिवक्ता समाज के कार्यक्रम में सहभागिता जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम शामिल हैं। अब बुधवार को उनके दौरे और जिला अस्पताल के निरीक्षण पर शहरवासियों की निगाहें रहेंगी।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks