
बरेली। कस्बा आंवला में रविवार रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है, जबकि मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। आरोपियों का तीसरा साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
क्या था पूरा मामला?
रविवार 15 नवंबर रात करीब 8:45 बजे मोहल्ला फूटा दरवाजा निवासी अकरम (22) अपने पिता अशरफ (55) के साथ अलीनगर स्थित फार्म हाउस से बाइक से घर लौट रहे थे। अमरूद की बगिया के पास पहले से घात लगाए बैठे तौफीक कुरैशी और उसके दो साथियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सिर में गोली लगने से अकरम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी सोमवार को बरेली में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि पिता अशरफ छर्रे लगने से घायल हैं।
बंजरिया के जंगल में हुई मुठभेड़
मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बंजरिया के जंगल में सिद्ध मंडी मंदिर के पास एक ट्यूबवेल की कोठरी की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली रगड़ने से उपनिरीक्षक शुभम कुमार और हेड कांस्टेबल कामेश्वर सिंह घायल हो गए। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपी तौफीक कुरैशी और अशफाक उर्फ चौड़ा पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़े, जिन्हें दबोच लिया गया। तीसरा साथी विकास यादव मौके से फरार हो गया।
25 लाख की रकम हड़पने को रची थी साजिश
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी तौफीक ने कबूल किया कि उसने मृतक अकरम से 25 लाख रुपये के भैंस के पड़वे खरीदे थे। यह मोटी रकम न चुकानी पड़े, इसके लिए उसने अपने साथियों अशफाक और विकास के साथ मिलकर अकरम की हत्या की साजिश रची थी।
आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के 2 अवैध तमंचे, 4 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस और हत्या में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है।
घायल बदमाशों और पुलिसकर्मियों को सीएचसी आंवला में भर्ती कराया गया है। फरार आरोपी विकास यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।