जिला कारागार की चार दीवारी में छलका भाई-बहन का प्यार ; सलाखों के पीछे मनी अनोखी भाई-दूज

बरेली। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पावन पर्व भाई-दूज आज जिला कारागार में बेहद भावुक और हर्षोल्लास भरे माहौल में मनाया गया। सलाखों के पीछे बंद अपनों से मिलने जब बहनें और परिजन पहुंचे, तो माहौल खुशी और आंसुओं से भर गया। जेल प्रशासन की विशेष व्यवस्थाओं के बीच सैकड़ों बहनों ने अपने बंदी भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की।

बरेली जिला कारागार में भाई-दूज के मौके पर आज सुबह से ही रौनक देखने को मिली। जेल अधीक्षक आलोक कुमार शुक्ला की देखरेख में कारागार प्रशासन ने परिजनों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे। जेल परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित कर परिजनों का मार्गदर्शन किया गया। बहनों को पूजा के लिए रोली, दीपक और आरती की सामग्री जेल प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई।

परिजनों के बैठने के लिए विशेष रूप से टेंट लगाए गए, जमीन पर कारपेट बिछाई गई और पीने के पानी के लिए वाटर कूलर की व्यवस्था की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सुरक्षा के भी कड़े और सतर्क इंतजाम रहे, जिसमें जिला व पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग मिला।
​
​कुल बंदी जिनसे मुलाकात हुई: 272 पुरुष बंदी एवं 6 महिला बंदी।
​मुलाकात करने वाले परिजन: 535 वयस्क एवं 240 बच्चे।
​इसके अलावा 6 पुरुष परिजनों ने जेल में बंद अपनी बहनों से भी मुलाकात की।
​
ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों के लिए भी अल्पाहार और भोजन की व्यवस्था की गई। इस भावुक और अनुशासित आयोजन के दौरान जेल अधीक्षक आलोक कुमार शुक्ला, जेलर आनन्द सिंह, जेलर सुशील कुमार वर्मा, उप जेलर वीरेश्वर प्रताप सिंह, देवदत्त, रामगोपाल सिंह, हेड जेल वार्डर और जेल वार्डर अशोक कुमार शुक्ला समेत सभी अधिकारी पूरी मुस्तैदी से डटे रहे।
​
कड़ी सुरक्षा और जेल की ऊंची दीवारों के बीच भाई-दूज का यह त्योहार सांस्कृतिक रीति-रिवाजों और आपसी प्रेम के साथ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks