
बरेली । फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और पदीय दायित्वों के प्रति गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाने के आरोप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अधीक्षक अनुराग आर्य ने सख्त रुख अपनाया है। थाना बहेड़ी में तैनात आरक्षी 3440 ना०पु० अंकुश खन्ना को गंभीर आरोपों के प्रथम दृष्टया सामने आने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को एक आवेदिका ने थाना बहेड़ी में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था, जिसे थाने के जनसुनवाई रजिस्टर में दर्ज किया गया था। आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद थाना स्तर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे परेशान होकर आवेदिका 28 अक्टूबर को दोबारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और अपनी शिकायत प्रस्तुत की।
आवेदिका ने अपने प्रार्थना पत्र में शिकायत पर कार्रवाई नहीं किए जाने के साथ ही जांचकर्ता आरक्षी अंकुश खन्ना पर गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने तथा अपने पदीय दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं करने के आरोप लगाए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी बरेली ने प्रथम दृष्टया पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं कदाचार के आरोपों के मद्देनजर आरक्षी अंकुश खन्ना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। प्रकरण में विभागीय जांच की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के प्रति सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है। विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने अथवा अन्य तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।