
बरेली।बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 की मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए बरेली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने खुद कमान संभालते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और साफ संदेश दे दिया कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा।
एसएसपी अनुराग आर्य भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे। उन्होंने संजय कम्युनिटी हॉल से बरेली कॉलेज, नगर निगम और अयूब खां चौराहा पुलिस चौकी तक व्यापक पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने पूरे इलाके की कानून-व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और संवेदनशील पॉइंट्स पर तैनात पुलिसकर्मियों की सजगता को परखा।
पैदल भ्रमण के बाद एसएसपी सीधे मतगणना स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को बिना किसी व्यवधान के सकुशल संपन्न कराने के लिए बनाई गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मतगणना परिसर के भीतर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश मिलेगा और चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
एसएसपी के इस औचक निरीक्षण और कड़े रुख से साफ है कि प्रशासन चुनाव और मतगणना को बिना किसी चूक के संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।