
बरेली। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अति-स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। मुख्य विकास अधिकारी/अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी देवयानी की अध्यक्षता में इसके लिए एक विशेष समिति का गठन कर संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक, अब ग्राम, मजरा, टोला, मोहल्ला, वार्ड और बस्तियों तक सघन प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इस काम में ग्राम पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सफाई कर्मियों की सीधी ड्यूटी लगाई गई है। यह जमीनी अमला घर-घर जाकर लोगों को जनगणना का महत्व समझाएगा और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान दिए बिना प्रक्रिया में अनिवार्य रूप से शामिल होने के लिए प्रेरित करेगा।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समिति नियमित रूप से प्रचार अभियान और पर्यवेक्षण की समीक्षा करेगी, ताकि जिले का कोई भी नागरिक गणना से छूटने न पाए।