नवरात्र में मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा! कुट्टू-सिंघाड़े के आटे से लेकर घी और मिठाइयों तक लिए नमूने

बरेली। नवरात्र पर्व पर श्रद्धालुओं को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावट के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। 10 और 11 अक्टूबर 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के तहत शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों और निर्माण इकाइयों से कुट्टू-सिंघाड़े के आटे, साबूदाना, मिठाइयों और घी समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय, बरेली राहुल सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी और नमूना संग्रह की कार्रवाई की।

10 अक्टूबर को माधोबाड़ी स्थित विजय एंड कंपनी की निर्माण इकाई से सत्याज विजय श्री ब्रांड के कुट्टू आटे का पैक नमूना, सिंघाड़े के आटे का पैक नमूना और खुले कुट्टू आटे का नमूना लिया गया। मिनी बाईपास स्थित रिलायंस स्मार्ट बाजार से खुले साबूदाने, मूंगफली के दाने और साबूदाना पापड़ के नमूने लिए गए। आईवीआरआई रोड स्थित मुल्ला जी चावल वालों से सप्तऋषि ब्रांड के कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने लिए गए। वहीं, वीर सावरकर नगर स्थित अभयदीप इंटरप्राइजेज से बारी फ्रेश कुट्टू आटे का नमूना संग्रहित किया गया।

11 अक्टूबर को धनेटा रेलवे फाटक स्थित जय मां दुर्गे स्वीट्स से लौज और गुलाब जामुन के नमूने लिए गए। अशरफ खान की छावनी स्थित हाफिज किराना स्टोर से सिंघाड़े के आटे तथा जोगी नवादा स्थित हरिओम किराना स्टोर से कुट्टू के आटे का नमूना लिया गया। स्टेडियम रोड स्थित श्री कृष्णा घी की निर्माण इकाई से भी घी के दो नमूने लिए गए, जिनमें एक पैक्ड टिन और दूसरा खुले घी का था।

जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

विभाग के अनुसार, सभी खाद्य पदार्थों के नमूने नियमानुसार प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि नवरात्र सहित अन्य पर्वों पर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए मिलावट के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

ये अधिकारी रहे मौजूद

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील सचान, जितेंद्र कुमार, तेज बहादुर, देवेंद्र कुमार, ज्योत्सना त्रिपाठी, मुकेश कुमार, हिमांशु, अनिल प्रताप और राकेश कुमार मौजूद रहे।

रिपोर्ट: पं. सत्यम शर्मा

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks