
बरेली। बारादरी पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर अभियुक्त को अवैध असलाह और जिंदा कारतूस के साथ धर दबोचा। आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामले में भी जेल जा चुका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशानुसार सोमवार को बारादरी पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त व संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मॉडल टाउन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सौरभ डेढ़ा की टीम ने घेराबंदी कर डीडीपुरम पार्क के पास से एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक नाजायज तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त की पहचान अजीम पुत्र जहीर अहमद, निवासी पीरबहोडा (परतापुर जीवनसहाय), थाना इज्जतनगर, बरेली (उम्र करीब 26 वर्ष) के रूप में हुई।
चोरी के समय लोगों को डराने के लिए रखता था हथियार
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अनपढ़ है और कोई काम-धंधा नहीं करता। वह पहले भी इज्जतनगर थाना क्षेत्र से चोरी के मुकदमे में जेल की हवा खा चुका है। अभियुक्त ने कबूल किया कि वह तमंचा अपने पास इसलिए रखता था ताकि चोरी करते वक्त यदि कोई उसे पकड़ने की कोशिश करे, तो वह हथियार दिखाकर आसानी से फरार हो सके। वह आज भी चोरी की फिराक में निकला था, लेकिन वारदात से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
न्यायालय में पेशी के बाद भेजा गया जेल
प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बारादरी में मुकदमा अपराध संख्या 1220/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तारी टीम में मुख्य रूप से उ0नि0 सौरभ डेढ़ा, हे0कां0 पंकज कुमार, का0 ललित कुमार और का0 निखिल तोमर शामिल रहे।