
बरेली। कोतवाली पुलिस ने शातिर वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की एक मोटरसाइकिल सहित शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद होंडा शाइन बाइक को अपने कब्जे में लेकर आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।
क्या था मामला?
कांधरपुर (मठिया मंदिर) निवासी अनिल कुमार की होंडा शाइन बाइक (UP25BR7131) 23 फरवरी की रात बरेली जंक्शन के बाहर मंदिर के पास से अज्ञात चोर ने पार कर दी थी। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की थी।
चेकिंग के दौरान दबोचा गया आरोपी:
कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में उप-निरीक्षक वैभव गुप्ता और हेड कांस्टेबल भागेश कुमार ने शनिवार दोपहर चेकिंग के दौरान नार्थ रेलवे कॉलोनी के पास से एक संदिग्ध को रोका। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी की पहचान दीपक (उम्र 28 वर्ष), निवासी नेकपुर (थाना सुभाषनगर) के रूप में हुई।
नंबर प्लेट हटाकर घूम रहा था शातिर:
पूछताछ में आरोपी दीपक ने कुबूल किया कि यह बाइक उसने करीब छह महीने पहले बरेली जंक्शन से चुराई थी। पुलिस और लोगों की नजर से बचने के लिए उसने बाइक की नंबर प्लेट हटा दी थी और बेखौफ होकर घूम रहा था। पुलिस ने मुकदमे में धारा बढ़ाते हुए आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।