
बरेली। राज्य कर विभाग (GST) की कस्टडी से 11 लाख रुपये के माल से लदी सीज बस को उड़ा ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विभागीय अधिकारियों को चकमा देकर फरार हुए बस मालिक और चालक के मंसूबों पर कैंट पुलिस ने पानी फेर दिया। पुलिस और सचल दल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया और महज 7 घंटे के भीतर पूरी बस मय माल पीलीभीत रोड पर रिठौरा टोल प्लाजा के पास से बरामद कर ली। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही चालक बस को लावारिस छोड़कर भागने में सफल रहा।
बिना कागजात के पकड़ी गई थी बस
विभागीय जानकारी के अनुसार, गत 3 सितंबर को राज्य कर विभाग, बरेली की टीम ने जांच के दौरान एक बस (संख्या UP 81 DT 2690) को पकड़ा था। जांच में वाहन के अंदर बिना किसी वैध प्रपत्र और ई-वे बिल के भारी मात्रा में खिलौने व इलेक्ट्रॉनिक्स सर्किट बोर्ड लदे मिले थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 11 लाख रुपये थी। विभाग द्वारा मामले में ₹3,05,842/- (तीन लाख पांच हजार आठ सौ बयालीस रुपये) की राजस्व मांग तय करते हुए बस को परिसर में डिटेन कर विभागीय अभिरक्षा में खड़ा कराया गया था।
तड़के 3:22 बजे फिल्मी अंदाज में बस लेकर भागे
शुक्रवार (18 सितंबर) की भोर लगभग 3:22 बजे शातिर चालक दानिश अली ने वाहन मालिक फहीम अहमद के साथ साजिश रची। बिना किसी विभागीय अनुमति या रिलीज आर्डर के, दोनों चुपके से परिसर में दाखिल हुए और पूरी बस को माल सहित लेकर रफूचक्कर हो गए। सुबह जब परिसर से सीज बस गायब मिली तो विभागीय अधिकारियों के होश उड़ गए। मामले में तुरंत थाना कैंट में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया।
टोल प्लाजा से 200 मीटर पहले घेराबंदी, बस बरामद
घटना की गंभीरता को देखते हुए कैंट पुलिस और राज्य कर विभाग की सचल दल इकाई ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। सड़कों के सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए टीमों ने चारों तरफ नाकेबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस का दबाव बढ़ता देख आरोपी बस को पीलीभीत रोड पर रिठौरा टोल प्लाजा से महज 200 मीटर पहले लावारिस छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने मौके से बस और उसमें लदा करीब 11 लाख रुपये का सामान सकुशल बरामद कर लिया है।
दर्ज मुकदमा व धाराएं:
थाना कैंट में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 457/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305, 221, 223 व 61(2) में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
फरार आरोपी:
फहीम अहमद पुत्र बाबू खान (बस मालिक) — निवासी: जगतपुरी, ईस्ट दिल्ली (हाल पता: जमालपुर, अलीगढ़)।
दानिश अली पुत्र वाजिद अली (चालक) — निवासी: गंगवार, अमरोहा।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम:
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर (थाना कैंट), सचल दल इकाई की असिस्टेंट कमिश्नर दीप्ति सिंह मय टीम, उपनिरीक्षक राजीव पटेल, कांस्टेबल रोहित राणा व कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, जल्द ही दोनों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।