गणेश विसर्जन पर बरेली में ‘अभेद सुरक्षा चक्र’: SSP ने कसी नकेल, प्रतिमा स्थलों पर 24 घंटे पहरा

बरेली। आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बरेली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने बुधवार देर रात गूगल मीट के जरिए जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा गोष्ठी की। बैठक में विसर्जन यात्राओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया गया तथा सुरक्षा के कड़े इंतजाम लागू करने के निर्देश दिए गए।
जुलूसों में ‘बॉक्स फॉर्मेशन’ और प्रतिमा स्थलों पर 24 घंटे पहरा
एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गणेश विसर्जन के दौरान निकलने वाले सभी प्रमुख जुलूसों में सुरक्षा की दृष्टि से ‘बॉक्स फॉर्मेशन’ में पुलिस बल तैनात किया जाए, ताकि जुलूस व्यवस्थित और पूरी तरह सुरक्षित तरीके से निकल सकें। इसके अलावा, प्रत्येक गणेश प्रतिमा स्थल पर 12-12 घंटे की दो शिफ्टों में 24 घंटे लगातार पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विसर्जन मार्गों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थलों का पहले से स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का सत्यापन सुनिश्चित कर लें।
प्रमुख निर्देश एक नजर में:
सोशल मीडिया पर तीसरी आंख: विसर्जन के दौरान सोशल मीडिया सेल को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। भ्रामक, भड़काऊ अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट डालने वालों को चिन्हित कर तुरंत सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।


अराजक तत्वों पर शिकंजा: शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
त्वरित कार्रवाई: थाना क्षेत्र में होने वाली किसी भी छोटी से छोटी घटना को हल्के में न लिया जाए। डायल-112, पीआरवी और थानों की गश्त गाड़ियां संवेदनशील इलाकों में लगातार सक्रिय रहेंगी।
जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण: थानों पर आने वाले फरियादियों से शालीन व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
जिले में फिर शुरू होगा ‘संवाद कार्यक्रम’
एसएसपी ने बताया कि जनपद में जनसंवाद को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से ‘संवाद कार्यक्रम’ को पुनः शुरू किया जा रहा है। इसके तहत सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों, गणमान्य व्यक्तियों और समाज के प्रमुख लोगों के साथ नियमित बैठकें कर सीधा संवाद स्थापित करेंगे, जिससे जनसमस्याओं का समय रहते समाधान हो सके और आपसी सामंजस्य बना रहे।
समीक्षा बैठक में समस्त अपर पुलिस अधीक्षक (ASP), क्षेत्राधिकारी (CO) तथा जनपद के सभी थानों के प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष उपस्थित रहे। अंत में एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय और पूर्ण सतर्कता के साथ कर्तव्य निभाने के कड़े निर्देश दिए।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks