
बरेली। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और अवैध पटाखा कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) अंशिका वर्मा ने क्षेत्राधिकारी (मीरगंज) अजय कुमार के साथ थाना सिरौली अंतर्गत बड़ागांव पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी दक्षिणी ने चौकी परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय अभिलेखों, रजिस्टरों के रख-रखाव और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अभिलेखों को अद्यतन रखने, फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने संबंधी कड़े दिशा-निर्देश दिए।
पटाखा भंडारण व विक्रय स्थलों पर पहुंचीं एसपी, मानकों का लिया जायजा
चौकी निरीक्षण के उपरांत, जिले में अवैध पटाखा निर्माण और अवैध भंडारण के विरुद्ध चल रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत सर्किल मीरगंज क्षेत्र में सघन जांच पड़ताल की गई। एसपी दक्षिणी ने आतिशबाजी लाइसेंस धारकों के निर्माण, विक्रय एवं भंडारण स्थलों का भौतिक सत्यापन किया।
अधिकारियों ने मौके पर लाइसेंस की वैधता, अग्निशमन उपकरण, स्टॉक रजिस्टर और निर्धारित सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया। इस दौरान लाइसेंस धारकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए निर्देशित किया गया कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों व सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें।
मानकों का उल्लंघन मिला तो दर्ज होगा मुकदमा
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी ने कहा कि जनपद में अवैध पटाखा निर्माण, बिक्री एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। यदि किसी भी प्रतिष्ठान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या अवैध भंडारण पाया गया, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।