
बरेली। थाना कैंट पुलिस ने गौवध के मुकदमे में वांछित चल रहे एक आरोपी को गुरुवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, 315 बोर के तीन खोखा कारतूस, बिना नंबर की स्कूटी, मोबाइल फोन तथा पशु वध में प्रयुक्त दो छूरी समेत अन्य सामान बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को नकटिया नदी पुल के पास हाईवे किनारे झाड़ियों में प्लास्टिक के कट्टे में गौवंशीय अवशेष मिले थे। मामले में थाना कैंट पर FIR संख्या 413/26, धारा 3/5ए/8 सीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने 30 अगस्त को दो आरोपियों पैकर इल्मास वारसी खान और नन्हे बाबू उर्फ अतीक खान को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
03 सितंबर की सुबह करीब 3:30 बजे कैंट पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से मुकदमे में वांछित एक बदमाश के कठपुला पुल की ओर आने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी की। कृष्णा कॉलोनी की ओर से स्कूटी पर आता संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगा। कठपुला पुल के पास गड्ढे और फिसलन के कारण स्कूटी गिर गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम छोटा उर्फ राशिद पुत्र इब्राहिम, निवासी ग्राम मीरपुर वाहनपुर, थाना बीसलपुर, पीलीभीत, हाल निवासी फरीदापुर चौधरी, थाना इज्जतनगर, बरेली, उम्र करीब 30 वर्ष बताया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है। मुठभेड़ के संबंध में भी विधिक कार्रवाई जारी है।