डीएम की पहल से महिला समूहों को बाजार की सौगात , महिलाओं के उत्पाद पहुंचेंगे स्कूल व संस्थानों तक

बरेली। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का अवलोकन कर उनके कार्यों की सराहना की। आटा मांडा, पीपलसाना चौधरी और बहेड़ी क्षेत्र के महिला समूहों की सदस्यों को अपने कार्यकाल कक्ष में बुलाकर उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता देखी और विपणन बढ़ाने के निर्देश दिए।
आटा मांडा में भागीरथी पाठक के नेतृत्व वाले नव स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार फिनाइल, डिशवॉश, टॉयलेट क्लीनर, हैंडवॉश, दोना-पत्तल समेत घरेलू उपयोग की सामग्री की डीएम ने सराहना की। उन्होंने महिलाओं को उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पीपलसाना चौधरी के जय श्री बाला जी स्वयं सहायता समूह की विमला देवी द्वारा तैयार बैटरी के पानी का भी अवलोकन किया गया। समूह जल्द आरओ मिनरल वाटर शुरू करने की तैयारी में है। डीएम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को आवश्यक लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों, सरकारी कार्यालयों व संस्थानों में समूह के मिनरल वाटर की आपूर्ति के लिए प्रोत्साहित किया।


बहेड़ी की सुशीला देवी के हनी स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार शहद को भी डीएम ने देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि बुधवार को स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले दूध में चीनी के स्थान पर शहद के प्रयोग की संभावनाएं तलाशते हुए समूह के उत्पाद को बढ़ावा दिया जाए।
डीएम ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम हैं। उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए क्षेत्रवार डिस्ट्रीब्यूटर व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे महिलाओं को स्थायी बाजार मिलेगा और उनकी आय में निरंतर वृद्धि होगी।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks