
बरेली। आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की चार टीमों ने सोमवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए।
ग्राम नदोसी मेन रोड स्थित वीरपाल/अंकुर स्वीट के प्रतिष्ठान के निरीक्षण में अस्वच्छ परिस्थितियों में सूजी, स्किम्ड मिल्क पाउडर आदि से लौज, बर्फी, सोहनपापड़ी और रसगुल्ले तैयार कर बिक्री के लिए रखे मिले। टीम ने दूध की लौज, सोहनपापड़ी, रसगुल्ले और बर्फी के नमूने लिए।
मौके पर अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे और तैयार किए जा रहे 140 किलो दूध की लौज, जिसकी कीमत करीब 21 हजार रुपये तथा 350 किलो बर्फी, जिसकी कीमत करीब 49 हजार रुपये थी, को जनस्वास्थ्य के हित में नष्ट कराया गया।

इसके अलावा सूफीटोला स्थित चुन्ने एंड संस स्वीट्स और दिनेश कुमार पेठा, मुरारपुरा से पेठा एवं बर्फी के नमूने लिए गए। पीरबहोड़़ा स्थित माई च्वाइस स्वीट्स से खोया और लड्डू तथा छोटे लाल लस्सी भंडार से बर्फी का नमूना भी संग्रहित किया गया।
वहीं 23 अगस्त की मध्यरात्रि में बदायूं से बरेली आ रही एक वैन को पुलिस टीम के साथ रोककर जांच की गई। वाहन में करीब 275 किलो पनीर पाया गया, जो बेहद खराब, दुर्गंधयुक्त और अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित था। खाद्य सुरक्षा टीम ने पनीर का नमूना लेकर शेष 274 किलो पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65,760 रुपये थी, जब्त कर नष्ट कराया।
सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय राहुल सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर रक्षाबंधन के अवसर पर आमजन को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।