
बरेली। देवरनियां पुलिस ने बाइक चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिल, पांच चाबियों के गुच्छे मय मास्टर की, एक मोबाइल फोन और 2110 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त की रात ग्राम कनमन-इटौआ रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई। संदिग्ध बाइक की जांच करने पर उसके चोरी होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने फुरकान पुत्र शब्बू खां निवासी बिलासपुर, रामपुर और छोटे पुत्र रफीउल्ला निवासी शीशगढ़, बरेली को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे तीन लोगों का गिरोह बनाकर बाइक चोरी करते थे। गिरोह में शामिल शाने आलम बाइक मैकेनिक है। चोरी की बाइक को ईंट भट्ठे के खंडहरनुमा मकान में छिपाकर रखा जाता था। इसके बाद चेसिस नंबर मिटाकर पहचान छिपाई जाती और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बाइक को असली बताकर बेच दिया जाता था। जो बाइक नहीं बिकती थी, उसे काटकर कबाड़ में बेच दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चार और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस तरह कुल पांच चोरी की बाइक पुलिस के हाथ लगीं। बरामद वाहनों के वास्तविक स्वामियों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में तीसरे आरोपी शाने आलम समेत अन्य के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक फुरकान के खिलाफ रामपुर में चोरी, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि छोटे के खिलाफ भी पूर्व में मुकदमा दर्ज रहा है। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
बरामदगी एक नजर में
05 मोटरसाइकिल | 05 चाबियों के गुच्छे मय मास्टर की | 01 मोबाइल फोन | ₹2110 नकद
कार्रवाई में थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी, व0उ0नि0 विपिन तोमर, उ0नि0 पुष्पेन्द्र शर्मा समेत देवरनियां पुलिस टीम शामिल रही।