
बरेली। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से पं. राधेश्याम कथावाचक सभागार (जीआईसी ऑडिटोरियम) में ‘एक शाम शहीदों के नाम’ शीर्षक से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। देशभर से आए ख्यातिलब्ध कवियों ने अपनी ओजस्वी और भावपूर्ण रचनाओं के जरिए अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तो पूरा सभागार राष्ट्रप्रेम की भावनाओं से सराबोर हो उठा।
डॉ. शुभम त्यागी ने सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद कवियों ने देशभक्ति, शौर्य, सामाजिक सरोकार और राष्ट्रीय एकता-अखंडता से जुड़ी रचनाओं से ऐसा समां बांधा कि श्रोता देर तक तालियां बजाते रहे।
असद महताब ने “ये संतों की जमीं है, जहाँ हिंदुस्तान बसता है, कहीं पर राम बसता है, कहीं रहमान बसता है” जैसी पंक्तियों के माध्यम से देश की गंगा-जमुनी तहजीब और एकता का संदेश दिया।
कवि मनवीर मधुर ने अपनी ओजपूर्ण प्रस्तुति से श्रोताओं में जोश भरते हुए कहा—“दोनों ही पक्ष आये हैं तैयारियों के साथ, एक गर्दनों के साथ है, एक आरियों के साथ।”

अमित शुक्ला ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए “लिपटकर तिरंगे में जां सो रही थी, उधर भारती मां बहुत रो रही थी…” के माध्यम से स्वतंत्रता की कीमत का मार्मिक चित्रण किया।
कवि उपेंद्र पाण्डेय ने सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा—“सरहदों पर जां लुटाने से बड़ा बलिदान क्या होगा, तिरंगा खुद लिपटकर करने दे आराम, इससे बड़ा ईनाम क्या होगा।”
मुकेश कमल ने वीर सैनिकों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए अपनी भावपूर्ण रचना प्रस्तुत की। वहीं सुदीप भोला की पंक्तियों “वतन की देहरी के प्रहरी सो गए नींद गहरी, तिरंगा ओढ़ के वो सोये…” ने सभागार को भावुक कर दिया।
कवि सम्मेलन में शहीदों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को नमन करते हुए कवियों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। ओजस्वी काव्य पाठ के बीच कभी तालियों की गड़गड़ाहट गूंजी तो कभी श्रोता भावुक नजर आए।
कार्यक्रम में सुदीप भोला (नोएडा), मनवीर मधुर (दिल्ली), डॉ. शुभम त्यागी (मेरठ), उपेंद्र पाण्डेय (दिल्ली), असद मेहताब (संत कबीरनगर), मुकेश कमल (दातागंज), अमित शुक्ला (बरेली) एवं रोहित राकेश (बरेली) सहित अन्य कवियों ने काव्य पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन मनवीर मधुर एवं रोहित राकेश ने प्रभावशाली अंदाज में किया।

इस अवसर पर सांसद बरेली छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य, विधायक मीरगंज डी.सी. वर्मा, विधायक बिथरी चैनपुर डा. राघवेंद्र शर्मा, अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सहित बड़ी संख्या में जनसामान्य मौजूद रहा।
कवि सम्मेलन ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या को शहीदों के नाम समर्पित करते हुए बरेलीवासियों के दिलों में देशभक्ति की लौ और प्रज्वलित कर दी।