
बरेली। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित महिला आरटीसी छात्रावास के सभागार में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन “वामा सारथी” के तत्वावधान में हरियाली तीज कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। वामा सारथी की अध्यक्षा श्रीमती वानिका आर्य, पत्नी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस परिवार की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में वामा सारथी प्रभारी महिला उपनिरीक्षक श्रीमती श्रुति सिंह, पुलिस वेलफेयर प्रभारी उपनिरीक्षक जनार्दन कांत सहित उनकी टीम मौजूद रही। महिलाओं के लिए मेहंदी, रंगोली, गजरा मेकिंग, तीज क्विज और पारंपरिक श्रृंगार प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
सावन के लोकगीतों और मनमोहक सांस्कृतिक नृत्यों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। महिलाओं ने गीत-संगीत के जरिए भारतीय संस्कृति, पारिवारिक एकता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम में तीज की उमंग और उत्साह देखते ही बना।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। वहीं महिला उपनिरीक्षक श्रीमती श्रुति सिंह ने सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी का चयन कर उन्हें “मिस तीज” के खिताब से सम्मानित किया। कार्यक्रम ने पुलिस परिवार की महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही एक-दूसरे से जुड़ने और खुशियां साझा करने का खूबसूरत मंच प्रदान किया।
