
बरेली । आंवला नगर में शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य “कलश वंदन यात्रा” में उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने सहभागिता कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इस दौरान मंत्री धर्मपाल सिंह ने श्रद्धालुओं के साथ विधि-विधान से कलश पूजन एवं वंदन किया और संत गुरु रविदास महाराज के श्रीचरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा वातावरण भक्ति एवं उत्साह से सराबोर दिखाई दिया।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन के माध्यम से प्रेम, समानता, सामाजिक समरसता और मानव सेवा का जो अमर संदेश दिया, वह आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी से संत रविदास के आदर्शों को अपनाने और समरस, सशक्त तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और संत रविदास महाराज के जयकारों से पूरा आंवला नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।