
बरेली। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार सावन माह के प्रत्येक सोमवार को बरेली महानगर के सभी यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य बोर्डों से संचालित विद्यालयों, तकनीकी कॉलेजों, महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों का अवकाश रहेगा।
यह आदेश विशेष रूप से दिल्ली रोड और बदायूं रोड के 5 किलोमीटर के दायरे में स्थित शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा। हालांकि विद्यालयों में शासकीय कार्यों के लिए समस्त स्टाफ उपस्थित रहेगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी विश्वविद्यालय, बोर्ड या आयोग द्वारा पूर्व निर्धारित परीक्षा आयोजित की जानी है तो परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही संपन्न होंगी।
प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित जाम, छात्रों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।