
बरेली । स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विकास खंड बिथरी चैनपुर के ग्राम पंचायत बिथरी चैनपुर के गुलाब स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार की जा रही बेडशीट और पिलो कवर अब सरकारी और निजी अस्पतालों तक पहुंचेंगे।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) बरेली ने चिकित्सा विभाग के सहयोग से स्वयं सहायता समूह से बेडशीट, पिलो कवर और ऑपरेशन थिएटर में उपयोग होने वाले कपड़ों की मांग की है। मुख्य विकास अधिकारी की मौजूदगी में मांग पत्र सौंपा गया और धन्वंतरि तोमर हॉस्पिटल को 50 बेडशीट व पिलो कवर भी उपलब्ध कराए गए।
इस पहल से ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ेगी, उन्हें स्थायी रोजगार मिलेगा और स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को बड़ा बाजार भी मिलेगा। IMA बरेली ने भविष्य में भी स्वयं सहायता समूहों को हर संभव सहयोग देने का भरोसा जताया।