एक्सपायर्ड पामोलीन तेल से बन रही थी नमकीन! फूड विभाग ने 1.96 लाख का तेल किया सीज

बरेली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नमकीन निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी बरेली के आदेश तथा सहायक आयुक्त खाद्य राहुल सिंह के निर्देशन में चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान आलम फूड प्रोडक्ट में नमकीन बनाने के लिए रखा गया 89 टीन रिफाइंड पामोलीन ऑयल जांच में मई 2026 से एक्सपायर्ड मिला। खाद्य कारोबारकर्ता ने बताया कि यह तेल उसे करीब दो घंटे पहले ही थोक विक्रेता से प्राप्त हुआ था, जिसका खरीद बिल भी मौके पर प्रस्तुत किया गया।
मिलावट की आशंका को देखते हुए विभागीय टीम ने नमकीन का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया। वहीं, 1335 किलोग्राम एक्सपायर्ड पामोलीन ऑयल, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 96 हजार 245 रुपये है, को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत एक्सपायर्ड तेल मिलने के मामले में माननीय सक्षम न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा। साथ ही दोनों निर्माण इकाइयों को सुधार के लिए सुधार नोटिस भी जारी किया गया।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील सचान, इन्द्रजीत सिंह और तेज बहादुर सिंह शामिल रहे।
