
बरेली। भोजीपुरा क्षेत्र के बिल्वा गांव में नदी से अवैध खनन और पानी का प्राकृतिक बहाव रोकने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शिकायत मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां प्रथम दृष्टया अवैध खनन और नदी के पानी का रास्ता रोकने की शिकायत सही पाई गई।
जानकारी के अनुसार अजीत यादव निवासी बिल्वा ने डायल-112 पर सूचना देकर आरोप लगाया कि लखपत सिंह जेसीबी मशीन से नदी से रेत निकालकर पानी का बहाव रोकने का प्रयास कर रहा है, जिससे नदी का पानी उसके खेतों में पहुंच रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच में शिकायत को सही पाया। इस दौरान शिकायतकर्ता और आरोपियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद आरोपी शांत नहीं हुए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने लखपत सिंह को हिरासत में लेकर बीएनएसएस की धाराओं में कार्रवाई की।
उपजिलाधिकारी सदर के आदेश पर आरोपी लखपत सिंह को जेल भेज दिया गया, जबकि अन्य दो आरोपी दौलत सिंह और सचिन मौके से फरार हो गए, जिनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की गई है।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग एवं खनन विभाग से विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जांच में अवैध खनन की पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाए जाने की तैयारी की जा रही है।