
बरेली। पुलिस परिवार के होनहार बच्चों को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से वामा सारथी एसोसिएशन द्वारा आज रिजर्व पुलिस लाइन में एक गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा कुमारी अक्षरा तेवतिया, पुत्री महिला आरक्षी सीमा चौधरी, को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

अधिकारियों ने छात्रा की उपलब्धि की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान “वामा इको चैंप्स” अभियान के तहत विद्यार्थियों और अभिभावकों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित वातावरण बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। अधिकारियों ने प्रकृति के संतुलन और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
समारोह में वामा सारथी अध्यक्षा सोनाली मिश्रा, सहायक पुलिस अधीक्षक शिवम आशुतोष सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक हरमीत सिंह सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।