मनौना धाम से डेढ़ वर्षीय मासूम के अपहरण का मास्टरमाइंड गिरफ्तार 


बरेली । थाना आंवला क्षेत्र में मनौना धाम से डेढ़ वर्षीय मासूम ऋषभ के अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पहले से गिरफ्तार दो अभियुक्तों के बाद अब गिरोह के सरगना उत्तम वाजपेई को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बताया गया कि 24 मई 2026 को मनौना धाम में सफाई कर्मचारी रमन का डेढ़ वर्षीय बच्चा खेलते-खेलते लापता हो गया था। मामले में थाना आंवला में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
इसके बाद पुलिस ने 27 मई को योगेश कन्नौजिया और पवन चंदेल को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर मासूम ऋषभ को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था।
अब पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना उत्तम वाजपेई को पुरैना तिराहे से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी ने बताया कि वह नवजात और छोटे बच्चों की खरीद-फरोख्त का काम करता था और अस्पतालों, मेलों व भीड़भाड़ वाली जगहों से बच्चों को उठाने की साजिश रचता था।
आरोपी ने यह भी कबूल किया कि उसने पहले भी बच्चों की खरीद-फरोख्त की है और उन्हें लाखों रुपये में बेचा गया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
 इस कार्रवाई को थाना आंवला पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह राघव, संतोष कुमार सिंह समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks