
बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एसपी सिटी मानुष पारीक द्वारा शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से होटल संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह बैठक आज
बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।
गोष्ठी में एसडीएम सिटी एवं क्षेत्राधिकारी एलआईयू भी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य होटलों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना, अतिथि सत्कार के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करना रहा।

एसपी सिटी मानुष पारीक ने होटल मालिकों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी होटलों में सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह से चालू हालत में रहें और उनकी फुटेज कम से कम 30 दिनों तक सुरक्षित रखी जाए। साथ ही होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की आईडी, मोबाइल नंबर और पूरा पता अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या असामान्य गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। इसके अलावा फायर सेफ्टी, इमरजेंसी एग्जिट और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

गोष्ठी में नशीले पदार्थों और अवैध गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। इस दौरान होटल संचालकों ने अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।