
गैंग लीडर प्रणय अनेजा पर भी शिकंजा कसने की तैयारी
बरेली। चर्चित शराब कारोबारी रहे मनोज जायसवाल की संपत्ति सहारनपुर व बरेली पुलिस-प्रशासन ने कुर्क कर दी। इससे पहले गैंग लीडर नामी कारोबारी प्रणय अनेजा समेत गिरोह के सदस्य मनोज जायसवाल ने गिरफ्तारी पर स्टे ले रखा है। नायब तहसीलदार रिठौरा विदित कुमार और बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मनोज जायसवाल, उसके भाई नीरज जायसवाल आदि की संपत्तियों की कुर्की शुरू की।

मूल आदेश सहारनपुर जिला प्रशासन का है। इसमें वहां की टपरी डिस्टिलरी के मामले में दर्ज आपराधिक व गैंगस्टर मुकदमों का जिक्र है। गिरोह का लीडर प्रणय अनेजा को बनाया गया है, जो बदायूं के सपा विधायक रहे स्व. जोगेंद्र सिंह अनेजा का पौत्र है और फिलहाल दिल्ली में रह रहा है। प्रणय अनेजा के परिवार के पास बरेली, बदायूं से लेकर दिल्ली तक बेशुमार संपत्ति है।
पहले यह परिवार मुख्य रूप से पौंटी चड्ढा ग्रुप के साथ शराब का कारोबार करता था। अब रियल एस्टेट समेत कई अन्य कारोबारों में उतर आया है। माना जा रहा है कि जल्द ही प्रणय अनेजा की संपत्तियां भी सील होंगी।