
उत्तर प्रदेश के मिहीपुरवा। बहराइच के अयोध्यापुरवा में मंगलवार रात को सोते समय महिला को नोच कर घायल करने वाला तेंदुआ आखिरकार वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया। सुजौली में आतंक का पर्याय बना तेंदुआ बालिका और वृद्ध महिला समेत चार लोगों पर हमला कर चुका है। तेंदुए के पिंजरे में कैद होने के बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली। वन क्षेत्र अंतर्गत सुजौली रेंज के ग्राम पंचायत सुजौली के अयोध्या पुरवा गांव में तेंदुए के आतंक से पिछले एक सप्ताह से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ था। पांच दिन पूर्व तेंदुए ने घर में घुसकर 13 वर्षीय बालिका साईबा को घायल किया था। इसके बाद मंगलवार की देर रात को वृद्ध महिला 80 वर्षीय रहमाना को घर में घुसकर घायल कर दिया था। लगातार तेंदुए की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ था।