*महाराष्ट्र में दो साधुओं की हत्या से संत समाज में उबाल*
महाराष्ट्र के पालघर में पंच दशनाम जूना अखाड़ा के दो संतों समेत तीन लोगों की लाठी-डंडे से पीटकर की गई हत्या पर संत समाज में उबाल आ गया है। अखाड़ों व अन्य संतों ने इस घटना की सीबीआई जांच की आवाज उठाई है।
पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव महंत यमुना पुरी एवं महंत रामसेवक गिरि ने संतों की निर्मम हत्या की सीबीआई जांच की मांग की। इसी तरह किन्नर अखाड़ा ने घटना की कडे़ शब्दों में निंदा की।
किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी, उत्तर भारत की प्रभारी महामण्डलेश्वर भवानी मां, प्रयागराज की महामण्डलेश्वर स्वामी कौशल्या नंद गिरि ने पालघर में दो संतों की पुलिस की मौजूदगी में हत्या की निंदा करते हुए कहा कि घटना की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ शीघ्र सख्त कार्रवाई की जाए। जय शिवसेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ओंकार नाथ त्रिपाठी ने भी महाराष्ट्र में जूना अखाड़े के संतों की हत्या पर दुख जताया। इसी तरह अखिल भारतीय दंडी संन्यासी परिषद के राष्ट्रीय संरक्षक जगद्गुरु स्वामी महेशाश्रम महाराज ने पालघर हत्याकांड को कलंक का टीका बताया।