
एटा, । शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति बेहद निराशाजनक रही। इस पर डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने नाराजगी व्यक्त करते हुए पंचायत सहायक व सचिवों को 15 दिन में प्रगति में सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को समीक्षा बैठक में डीएम ने पाया कि प्रत्येक ब्लाक के 10-10 ऐसे ग्राम जिनमें 100 से अधिक परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनना लंबित है। डीएम ने पंचायत सहायक, पंचायत सचिव एवं बीडीओ को सख्त हिदायत दी। आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाए जाने की प्रगति में सुधार किया जाए। सूची के माध्यम से जो लोग जनपद से बाहर रहते हैं। उनके परिवारीजनों से वार्ता कर ओटीपी लेकर कार्ड बनाएं।
उन्होंने कहा कि जनपद में अभी तक 2.35 लाख कार्ड बने हैं जबकि करीब 1.86 लाख कार्ड अभी बनने बाकी हैं। इसमें से 28 हजार कार्ड अंत्योदय परिवारीजनों के हैं। यह स्थिति भी निराशाजनक है। सभी बीडीओ अपने ब्लॉक के पंचायत सहायक, पंचायत सचिव की प्रतिदिन समीक्षा करें। कार्ड बनाने में तेजी लाएं। आगामी 15 दिन में अभियान चलाकर कार्ड बनाए जाएं। यदि कहीं पर कोई समस्या है तो अवगत कराया जाए। कार्ड बनाने की प्रगति में सुधार दिखना चाहिए। बैठक में सीडीओ डा. एके बाजपेई, डीसी मनरेगा प्रभूदयाल, डीसी एनआरएलएम प्रतिमा निमेष, बीडीओ पंचायत सचिव, पंचायत सहायक मौजूद रहे।