
बहोरा में बिना पंजीकरण संचालित होता मिला क्लीनिक, किया सील
कासगंज, । थाना सिकन्दरपुर वैश्य के बहोरा में बिना पंजीकरण के संचालित क्लीनिक पर विभाग ने कार्रवाई की है। पटियाली सीएचसी के प्रभारी ने जांच के दौरान दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने पर क्लीनिक को सील कर दिया और संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध थाना में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना सिकन्दरपुर वैश्य में दर्ज कराई रिपोर्ट में पटियाली सीएचसी प्रभारी सुल्तान अहमद ने बताया है कि बहोरा गांव में पुष्पेंद्र यादव पुत्र हरीशंकर निवासी नगला गोवदी द्वारा अवैध रूप से क्लीनिक का संचालन किया जा रहा है।
गत जून माह में शिकायत पर उन्होने निरीक्षण कर चेतावनी दी थी और क्लीनिक के दस्तावेज कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जबकि 17 जून को बहोरा निवासी केशव दीक्षित ने चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएमओ से शिकायत की थी।
सीएमओ ने मामले में जांच के निर्देश उन्हें दिए। इसके बाद वह गत 14 जुलाई को टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो क्लिीनिक संचालित होता हुआ मिला। उन्होंने बताया है कि दस्तावेजों के अभाव में क्लीनिक को सील कर दिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अवैध रूप से क्लीनिक संचालन के मामले में पुष्पेंद्र यादव के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।