
मेट्रो हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत, हंगामा
एटा, । शहर में प्रसूताओं के मरने का सिलसिला थम नहीं रहा है। आगरा रोड स्थित मेट्रो अस्पताल में मध्य रात्रि में प्रसूता की मौत हो गई। मौत होने के बाद परिजनों ने हंगामा किया। सूचना पर सिविल लाइन चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवारीजनों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नगला वाय निवासी 24 वर्षीय ललिता पत्नी राघवेन्द्र उर्फ रवि यादव की शुक्रवार रात को मेट्रो अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि चार दिन पूर्व ललिता ने प्रसव के दौरान एक बेटे को जन्म दिया था। शुक्रवार मध्यरात्रि में उसकी हालत अचानक बिगड़ गई, जिस पर वह उसको लेकर आगरा रोड स्थित मेट्रो अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसकी मौत हो गई। महिला की मौत होने के बाद परिजनों में रोष पनप गया। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी सिविल लाइस प्रभारी आदित्य कुमार अस्पताल पहुंचे। जहां पर उन्होंने परिवारीजनों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया। अस्पताल के संचालक शैलेन्द्र सिंह का कहना है कि मध्यरात्रि में अन्य अस्पताल से एक महिला उनके यहां आयी थी। अस्पताल में पहुंचते-पहुंचते उसकी मौत हो गई। उसका उनके अस्पताल से कोई लेना-देना नहीं है।
अपंजीकृत सर्वोदय हॉस्पिटल को दिया नोटिस
अपंजीकृत नोडल अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि शनिवार को उन्होंने जीटी रोड गौशाला के निकट स्थित सर्वोदय हास्पिटल पर छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अस्पताल में कोई मरीज मौजूद नहीं मिला। इसलिए उन्होंने हास्पिटल संचालक नोटिस देकर पंजीकरण न होने पर तीन दिन में जबाव मांगा गया है।
शुक्रवार मध्यरात्रि दो-ढाई बजे मेट्रो अस्पताल में महिला की मौत होने की सूचना मिली, जिस पर वह अस्पताल में गए और परिजनों को समझा-बुझा कर घर भेजा गया।
आदित्य कुमार, प्रभारी सिविल लाइन पुलिस चौकी, एटा
मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत, सूचना मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में सूचना सही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी, सीएमओ, एटा