वेतन निकालने को बाबू ने हड़पे 57 हजार, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा। जिला पंचायती राज कार्यालय में कार्यरत महिला पत्रवाहक का रुका हुआ वेतन निकालने के लिए एक बाबू ने 57 हजार रुपये हड़प लिए। इस तरह की शिकायत महिला ने सीडीओ से की है। जिसके बाद चार अधिकारियों की जांच समिति गठित कर दी गई है।
जिला पंचायती राज कार्यालय में गीता शर्मा पत्रवाहक के पद पर कार्यरत हैं। सीडीओ को दिए गए शिकायती पत्र में उन्होंने बताया कि किसी वजह से 19 महीने का वेतन रुक गया। रुका हुआ वेतन निकालने के लिए कार्यालय की कर्मचारी सुनीता ने 57 हजार रुपये की मांग रखी। किसी तरह रुपये एकत्रित कर उन्हें दे दिए। इसके बावजूद वेतन नहीं निकाला गया। बल्कि 20 हजार रुपये और देने की मांग रख दी। इसमें असमर्थता जताई तो वेतन निकालने से इनकार कर दिया। सीडीओ डॉ. एके बाजपेयी ने बताया कि महिला कर्मचारी की शिकायत मिली है। जिस पर पीडी की अध्यक्षता में चार अधिकारियों की जांच समिति गठित कर दी है। इनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।