बाईपास होकर गुजर रहीं बसें, शहर में यात्री परेशान, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा। शहर के अंदर से होकर गुजरने वाली अन्य डिपो की अधिकांश बसें बाईपास बनने के बाद अब शहर में न आकर सीधे बाईपास होते हुए गुजर रही हैं। इस कारण शहर के अंदर सवारियों को बसों का घंटों इंतजार करने के बाद भी बसें नहीं मिल रही है। उन्हे बाईपास पर ही जाना पड़ रहा है।
छिबराऊ, कन्नौज, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज एवं दिल्ली रूट पर चलने वाली फर्रूखाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, लोनी, खुर्जा, बुलंदशहर, नोएडा, राठ, औरैया, इटावा सहित विभिन्न डिपो की अधिकांश बसें शहर न होकर सीधे बाईपास होकर गुजर रही है। इस कारण शहर के अंदर बसों की कमी बनी हुई है।
सवारियों को घंटों बस स्टैंड पर खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। फिर भी शहर के अंदर बसें न मिलने पर सवारियों को बाईपास पर ही पहुंचना पड़ रहा है। अन्य डिपो की बसों के चालक व परिचालक शहर के अंदर उतरने वाली सवारियों को चार से पांच किमी दूर बाईपास पर ही उतार कर जा रहे है। इस कारण सवारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सवारियों को सबसे अधिक परेशानी रात को बाईपास पर उतारे जाने पर हो रही है।
बाईपास होकर बसें लेकर जाने वाले चालक-परिचालकों की रिपोर्ट बनाकर संबंधित क्षेत्र के आरएम और एआरएम को भेजी जा रही है। उसके साथ ही टीम को भी बाईपास पर नियुक्त किया गया है। जो बसों को शहर के अंदर से होकर रूटों पर भेज रहे है।
-राजेश यादव,
एआरएम एटा डिपो