मानपुर नगरिया को नगर पंचायत बनाने का प्रस्ताव रखा, रिपोर्ट योगेश मुदगल

कासगंज, । मानपुर नगरिया को नगर पंचायत बनाने का प्रस्ताव शासन में दिया गया है। यह प्रस्ताव अमांपुर के विधायक ने रखा है। विधायक नेताजी प्रस्ताव देने के अलावा इस मांग को विधान सभा में भी उठाया। इसके अलावा अमांपुर क्षेत्र में खेल स्टेडियम, सड़कों के चौड़ीकरण व अन्य मांगे भी उठाईं हैं।
विधायक हरिओम वर्मा ने क्षेत्र के विकास के लिए विधानसभा में कहा कि मानपुर नगिरया मथुरा-बरेली हाईवे पर स्थित है। ग्राम पंचायत की आबादी 25 हजार के करीब है। न्यौली शुगर मिल भी यहीं पर स्थापित है। ऐसे में मानपुर नगरिया के विकास के लिए उसे नगर पंचायत बनाया जाना बहुत जरूरी है। मानपुर नगरिया के लोग लंबे समय से नगर पंचायत बनाने की मांग करते रहे हैं। इसके लिए उन्होंने कई बार अभियान भी चलाए हैं। मोहनपुर क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित है।
लोगों को काफी दिक्कतें होती हैं। मोहनपुर में थाना का निर्माण किया जाए। सहावर में स्थित अवांतीबाई नगर को नगर पंचायत क्षेत्र में शामिल किया जाए। सहावर व अमांपुर में जर्जर हो चुके सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस का निर्माण हो। अमांपुर में खेल स्टेडियम व रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण हो। कासगंज-अमांपुर-सिढ़पुरा मार्ग का चौड़ीकरण कराया जाए। अमांपुर-एटा मार्ग की पांच किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाए। विधायक ने विधानसभा में कहा कि अमांपुर विधानसभा क्षेत्र काफी पिछड़ा क्षेत्र है। इस क्षेत्र में विकास की बहुत जरूरत है।
हिंदू युवा वाहिनी उठा चुकी है नगर पंचायत बनाने की मांग
न्यौली। हिंदू युवा वाहिनी के द्वारा मानपुर नगरिया को नगर पंचायत बनाने की मांग दो वर्ष से उठाई जा रही है। वाहिनी के पदाधिकारियों के द्वारा इसके लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा चुका है। जिला प्रभारी मनोज चौहान ने कहा कि मानपुर नगरिया की आबादी 2500 के करीब है। हस्ताक्षर अभियान चलाने के साथ ही जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजे गए हैं। अमांपुर के विधायक हरिओम वर्मा के द्वारा इस मामले को अब विधानसभा में उठाया गया है।