
धमकी दे सप्लाई इंस्पेक्टर ने गल्ले से निकाले साढ़े 17 हजार
अलीगंज, हिन्दुस्तान संवाद। दुकान में सिलेंडर मिलने पर कार्रवाई की धमकी देते हुए सप्लाई इंस्पेक्टर ने गल्ले से रुपये निकाल लिए। बाकी के रुपये न देने पर एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी। पीड़ित शिकायत करने तहसील दिवस पहुंचा। वहां वह सप्लाई इंस्पेक्टर मिल गए और पीड़ित की शिकायत पर हड़बड़ा गए।
कसबा राजा का रामपुर निवासी मुकेश कुमार गुप्ता बिजली उपकरण सहीं करने का काम करते हैं। शुक्रवार को इनकी दुकान पर सप्लाई इंस्पेक्टर रामदत्त पहुंचे। चेकिंग के बाद वह चले गए। पीड़ित का आरोप है कि दुकान पर चेकिंग के दौरान दो सिलेंडर मिले थे, जो उनके ही हैं। उनके कागज भी हैं। इन्हें अवैध बताते हुए उन्होंने 50 हजार रुपये मांगे। पीड़ित ने इनकार किया। सप्लाई इंस्पेक्टर एफआईआर दर्ज कराने की धमकी देने लगे। आरोप है कि गल्ले में रखे साढ़े 17 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित शनिवार को तहसील दिवस में शिकायत करने पहुंचे। तहसील दिवस में पीड़ित ने सप्लाई इंस्पेक्टर को पहचान लिया और विधायक से शिकायत की। पीड़ित ने सभी के सामने उन पर आरोप लगाए। पूर्ति निरीक्षक हड़बड़ा गए और आरोपों को निराधार बताने लगे।
सभी आरोप निराधार हैं। दुकान में चेकिंग के दौरान सिलेंडर मिले थे। रुपये निकालने के आरोप गलत हैं।
रामदत्त, सप्लाई इंस्पेक्टर, अलीगंज
ऐसा कोई मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। शिकायत पर जांच कराई जाएगी।
मानवेंद्र सिंह, एसडीएम अलीगंज
मां के इलाज के लिए रखे हुए थे रुपये
अलीगंज। मां के इलाज के लिए गल्ले में रुपये रखे हुए थे। पीड़ित ने रोते हुए सप्लाई इंस्पेक्टर से गुहार भी लगाई थी। उन्होंने पीड़ित की एक नहीं सुनी थी और गल्ले से रुपये निकाल ले गए थे।