
मानपुर नगरिया में हुआ हादसा, ट्रैक्टर चालक समेत दो घायल
आटा चक्की फटने से एक महिला की मौत
कसगंज।न्यौली, । मानपुर नगरिया में दो पहिया रोड पर ट्रैक्टर की आटा चक्की से गेहूं की पिसाई के दौरान अचानक चक्की फट गई। इससे चक्की के अंदर के पत्थर के टुकड़े तेजी से बाहर निकले। इनकी चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटनाक्रम के अनुसार मानपुर नगरिया में शनिवार की सुबह ट्रैक्टर की आटा चक्की से गेहूं पिसाई का कार्य चल रहा था। तभी अचानक तेज आवाज के साथ आटा चक्की फट गई।
आटा चक्की के अंदर से पत्थर बाहर निकलकर इधर-उधर जा गिरे। इन पत्थरों की चपेट में आसपास खड़े लोग आ गए। पत्थर लगने से मानपुर नगरिया निवासी जयदेवी पत्नी कुंवरपाल की मौत हो गई। जबकि जयदेवी की बेटी संतो पत्नी वीरेश, चालक सराय निवासी सद्दाम पुत्र इंतजार घायल हो गए। जानकारी मिलते ही नगरिया चौकी इंचार्ज आशीष यादव पहुंच गए। उन्होंने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।