केंद्र ने राज्यों से कहा -कोरोना की संभावित चुनौती के मद्देनजर तैयारियों को दुरुस्त रखें
*ऑक्सीजन संयंत्र चालू हालत में रखें, रिपोर्ट योगेश मुदगल

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। कोरोना महामारी की आशंका के मद्देनजर केंद्र सरकार ने राज्यों को ऑक्सीजन की उपलब्धता को लेकर सतर्क किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में अतिरिक्त स्वास्थ्य सचिव मनोहर अगनानी ने राज्यों को पत्र लिखकर कहा कि वे सभी ऑक्सीजन संयंत्रों को चालू हालत में रखें। यह देखें कि संयंत्र सही तरीके से कार्य कर रहे हैं या नहीं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में अतिरिक्त स्वास्थ्य सचिव मनोहर अगनानी ने पत्र में कहा है, कोरोना प्रबंधन में ऑक्सीजन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। केंद्र ने राज्यों को ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित करने के लिए सहायता भी प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि ये सुविधाएं पूरी तरह से इस्तेमाल योग्य हैं। इसलिए भविष्य में कोरोना की संभावित चुनौती के मद्देनजर वह ऑक्सीजन से जुड़ी अपनी तैयारियों को दुरुस्त रखें।
अतिरिक्त ऑक्सीजन सिलेंडरों का इंतजाम रखें अगनानी ने यह भी कहा कि अस्पतालों में अतिरिक्त ऑक्सीजन सिलेंडरों का इंतजाम रखें। वेंटीलेटर और अन्य जीवन रक्षक उपकरणों के इंतजामों की भी समीक्षा करें और उन्हें तैयार रखें। राज्य ऑक्सीजन नियंत्रण कक्ष स्थापित करें। इससे राज्य में ऑक्सीजन की उपलब्धता का अंदाजा लग सकेगा।
देश में इलाज करा रहे मरीज 3,397 हुए देश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 201 नए मामले सामने आए। इस अवधि में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 17 मामलों की बढ़ोतरी भी हुई। इसके बाद इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 3,397 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को ये आंकड़े जारी किए। आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 4,46,76,879 हो गई है। वहीं, केरल द्वारा आंकड़ों के पुनर्मिलान के बाद मौत के एक मामले को मृतकों की सूची में जोड़े जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,30,691 हो गई है। मंत्रालय के मुताबिक, संक्रमण की दैनिक दर 0.15 फीसदी और साप्ताहिक दर 0.14 फीसदी दर्ज की गई है।