एलोपैथी दवाओं से नकली आयुर्वेद दवा बनाने वाले गैंग का भंडाफोड़, रिपोर्ट योगेश मुदगल

*एलोपैथी दवाओं से नकली आयुर्वेद दवा बनाने वाले गैंग का भंडाफोड़, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा – मोहल्ला भगीपुर में एलोपैथी दवाओं से नकली आयुर्वेद दवा बनाने वाले गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। गुरुवार को अलीगढ़ मंडल सहायक आयुक्त ड्रग पूरनचंद्र ने टीम सहित भगीपुर में शशिकांत के मकान के प्रथम तल पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान मौके से 30 लाख रुपये की दवाएं, पैकिंग मैटीरियल और शीशी बरामद हुई हैं। ड्रग इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने दोनों के विरुद्ध कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

अलीगढ़ मंडल सहायक आयुक्त ड्रग पूरनचंद्र ने बताया कि दो-तीन दिन पूर्व एटा के मोहल्ला भगीपुर में नकली दवा बनाने की सूचना मिल रही थी। इस पर ड्रग इंस्पेक्टर एटा दीपक कुमार, ड्रग इंस्पेक्टर कासगंज रमेश यादव, क्षेत्रीय आयुर्वेद अधिकारी पंकज कुमार, कोतवाली नगर पुलिस की टीम गठित की। टीम ने गुरुवार को भगीपुर में माता मंदिर के सामने सीबी एंटरप्राइजेज के नाम से शशिकांत के मकान में प्रथम तल पर छापामार कार्रवाई की। वहां से टीम ने दवाओं की पैकिंग करते हुए सुशील कुमार को गिरफ्तार किया है। टीम ने मौके से लगभग 30 लाख रुपये की एलोपैथी दर्द निवारक दवाएं, कैप्सूल और पैकिंग मैटीरियल बरामद किया है। उन्होंने बताया कि गिरोह संचालक शशिकांत मौके पर नहीं मिला। टीम को मौके पर एलोपैथी दवा विक्रय व आयुर्वेद दवा निर्माण संबंधी कोई लाइसेंस नहीं मिला। सहायक आयुक्त ने बताया कि एटा जिले में यह पांच-सात वर्ष में होने वाली सबसे बड़ी कार्रवाई है।

30-30 की पैकिंग में बनाई जा रही आयुर्वेद दवाएं अलीगढ़ सहायक आयुक्त पूरन चंद्र ने बताया कि भगीपुर में अपंजीकृत सीबी एंटरप्राइजेज के नाम से एलोपैथी दवाओं से नकली रेस-1, रेस-2, रेस ऑयल तैयार किया जा रहा था। इसमें एलोपैथी दवा पायरोक्सीकेम कैप्सूल, फिनाइल मेटाजोल गोली, डैक्सामीथासन, डायक्लोफैनिक, स्ट्रायड मिलाई जा रही थी।

एलोपैथी दवा विक्रय, निर्माण के लिए इस नाम की कोई दवा निर्माता एजेंसी विभाग में पंजीकृत नहीं है। दवा निर्माण करने वाली एजेंसी पूरी तरह अवैध है।

दीपक कुमार, ड्रग इंस्पेक्टर, एटा

भगीपुर में सीबी एंटरप्राइजेज नाम से संचालित फर्म आयुर्वेद दवा निर्माण के लिए विभाग में पंजीकृत नहीं है। यदि कोई इसका संचालन कर रहा है वह अवैध है।

पंकज कुमार, क्षेत्रीय आयुर्वेद अधिकारी, एटा

अलीगढ़ मंडल में की जा रहीं आयुर्वेद दवाओं की सप्लाई

सहायक आयुक्त अलीगढ़ मंडल ने बताया कि सीबी एंटरप्राइजेज में तैयार हो रही दवाओं की सप्लाई एटा जनपद के अलावा हाथरस, कासगंज, अलीगढ़ में भी की जा रही थी। उन्होंने बताया कि यह गतिविधियां जान से खिलवाड़ की श्रेणी में आती है। कोतवाली नगर में दर्ज कराई गई एफआईआर में इसका उल्लेख किया जा रहा है।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks