*डिजिटल लेनदेन बढ़ाने को वेंडरों को यूपीआई कोड दे रहीं बैंक, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, । पीएम नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया मिशन को बढ़ावा देने के लिए बैंकें पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेने वाले स्ट्रीट वेंडरों को डिजिटल लेनदेन से जोड़ रही है। सभी स्ट्रीट वेंडरों को बैंकों के माध्यम से यूपीआई क्यूआर कोड बनाकर दिए जा रहे हैं। ताकि उनके बैंक खातों में बचत भी स्वत होती रहे और उनको किसी प्रकार के लेनदेन में भी कोई समस्या न हो सके।
नगर पालिका के माध्यम से शहर के 1647 स्ट्रीट वेंडरों को पीएम स्वनिधि योजना के तहत 10 हजार रुपये का बैंक लोन दिया गया था। इसके साथ ही 231 वेंडरों को 20 हजार रुपये का लोन दिया गया है। इन सभी वेंडरों को डिजिटल लेनदेन से जोड़ने के लिए बैंक शाखाओं ने सबसे पहले 1030 स्ट्रीट वेंडरों को यूपीआई क्यूआर कोड बनाकर दिए थे। मगर जिन स्ट्रीट वेंडरों के यूपीआई कोड जनरेट किए गए थे। वह कोड बैंकों की कुछ तकनीकि समस्या के चलते स्वत ही कैसिंल हो गए। इस समस्या को देख बैंक शाखाओं ने पुन स्ट्रीट वेंडरों के यूपीआई कोड जनरेट करके देने का कार्य शुरू कर दिया है। बैंक खाता संबंधी शाखाओं ने अब तक 254 वेंडरों के एक बार फिर से यूपीआई क्यूआर कोड बनाकर दिए हैं। शेष वेंडरों के कोड भी बैंक शाखाएं जनरेट कर रही हैं। इससे वेंडरों को डिजिटल लेनदेन करने में कोई समस्या न हो।