“देहात क्षेत्रों के केंद्रों पर बेकाबू किसानों को देख पुलिस बुलाकर दी जा रही डीएपी
*पुलिस सुरक्षा में किया खाद वितरण, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा – जिले की सहकारी समितियों पर खाद का भरपूर स्टॉक होने के बाद भी किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद नहीं मिल रही। कभी पॉस मशीन का सर्वर डाउन तो कभी अधिकारियों की लापरवाही के कारण किसानों को रात में ही वितरण केंद्रों पर आकर लाइनों में लगना पड़ रहा है। कई दिनों में बाद भी खाद की मारीमारी कम नहीं हो रही। हालत तो ये हो गए हैं कि केंद्र प्रभारी को पुलिस सुरक्षा में खाद का वितरण करना पड़ रहा है।
शनिवार को शहर के गल्ला मंडी स्थित खाद केंद्रों के अलावा शीतलपुर, अलीगंज तिराहा एवं बली मोहम्मद चौराहा स्थित खाद केंद्रों पर डीएपी लेने वाले किसानों की सुबह चार बजे से ही लाइनें लगना शुरु हो गई। इससे पहले अधिकांश किसानों ने केंद्रों पर ही रात गुजारी। जैसे ही केंद्र खुलने के साथ खाद का वितरण शुरु किया गया। वैसे ही केंद्रों पर मौजूद पॉस मशीन का सर्वर डाउन हो गए, जिससे खाद वितरण दो घंटे से अधिक समय तक ठप रहा। सर्वर डाउन होने के कारण सुबह से शाम तक लगे अधिकांश किसानों के बीच पहले खाद लेने के चक्कर में मारामारी बनी रही। इसके साथ ही अधिकांश किसानों को खाद नहीं मिल सकी। इसके चलते उन्हे बगैर खाद लिए ही मायूस लौटना पड़ा। शनिवार को एआर कोआपरेटिव महावीर सिंह ने बताया कि जिले में किसानों को देने के लिए लक्ष्य से अधिक खाद का वितरण कराया जा रहा है। उसके बाद भी किसान पहले खाद लेने के चक्कर में रात-रात भर जागकर केंद्रों पर ही रुक रहे है। उन्होंने बताया कि पॉस मशीन सर्वर डाउन होने की समस्या एटा में ही नहीं पूरे देश में एक साथ होती है। थोड़ी देर सर्वर डाउन होने के बाद फिर से मशीन ठीक काम करना शुरु कर देती है। इतनी देर में किसान हल्ला मचा देते है।
एक बोरी डीएपी के लिए केंद्र प्रभारी से गुहार
मिरहची। शनिवार को कस्बा स्थित सहकारी खाद भंडार पर सुबह से शाम तक डीएपी लेने वाले किसानों की भीड़ लगी। केंद्र प्रभारी दो एवं दो से अधिक डीएपी की बोरी लेने वाले किसानों को डीएपी देते रहे लेकिन उन्होंने कम जमीन वाले किसानों को एक बोरी डीएपी देने से इनकार कर दिया। जिससे किसान काफी परेशान होकर केंद्र प्रभारी से एक बोरी डीएपी के लिए गुहार लगाते रहे।
खाद को लेकर वसुंधरा में रही मारामारी, पुलिस बुलाई
वसुंधरा। शनिवार नगला भूरा स्थित सहकारी खाद केंद्र पर डीएपी वितरण किया गया। जिसके चलते केंद्र पर भोर होते से ही सैकड़ों किसानों की भीड़ एक साथ खाद लेने को उमड़ पड़ी। पहले खाद पाने के चक्कर में किसान आपस में मारामारी करने लगे। जिसे देख केंद्र प्रभारी कोमल सिंह ने वसुंधरा चौकी इंचार्ज विपिन कुमार को सूचना दी। चौकी इंचार्ज कांस्टेबल जितेंद्र, गौरव, कपिल एवं उमरजीत के साथ मौके पर पहुंचे और अपनी देख रेख में खाद का वितरण कराया।