
यूपी (प्रयागराज) : मायावती की शरण में जाएगा अतीक का परिवार, पत्नी शाइस्ता बोलीं- बसपा के टिकट पर लड़ेंगी मेयर का चुनाव
साबरमती जेल में बंद पूर्व सांसद अतीक अहमद का कुनबा अब बसपा सुप्रीमो मायावती की शरण में जाना चाहता है। अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन ने इसका खुलासा किया है। उन्होंने शुक्रवार को प्रयागराज के प्रेस क्लब में कहा, “मायावती से बात चल रही है। अगर वह तैयार होती हैं, तो ओवैसी की पार्टी और बसपा के अलायंस से मैं मेयर पद का चुनाव लड़ूंगी।”
शाइस्ता ने बताया कि वह अतीक अहमद से मिलने के लिए साबरमती जेल में गई थीं। सांसद जी ने कहा कि प्रयागराज में मेयर की सीट बैकवर्ड हो या जनरल चुनाव, तुम्हें लड़ना है। बता दें कि अतीक अहमद काफी समय से जेल में बंद है।
शाइस्ता परवीन ने कहा कि नेताजी यानी मुलायम सिंह यादव की सीट पर डिंपल यादव चुनाव लड़ने जा रही हैं। डिंपल यादव मिलनसार हैं। यह अच्छी बात है, लेकिन वह मुलायम परिवार का खून नहीं हैं। मुलायम सिंह के निधन के बाद उनकी सीट पर चुनाव लड़ने का हक उनके भाई शिवपाल सिंह यादव का है। यदि शिवपाल सपा से चुनाव लड़ते, तो मैनपुरी निश्चित ही सपा की झोली में होती। वरना सपा चुनाव हार जाएगी। ठीक उसी तरह जिस तरह आजमगढ़ की सीट सपा हार गई थी।
शाइस्ता ने कहा कि उन्होंने योगी जी से मिलने के लिए समय मांगा है। जल्द ही वह उनसे मिलने जाएंगी। जिस तरह से बेटों को फर्जी मुकदमे में फंसाया गया है, इसके लिए वह उनसे बात करेंगी। उन्होंने कहा, आईजी जोन प्रयागराज हमारे विरोधियों से मिलकर जमीन की प्लाटिंग में पार्टनर हैं और नाम लेते हैं अमिताभ यश साहब का। इस संबंध में भी हम योगी जी से बातचीत करेंगे और पूरी जानकारी देंगे।
याद रहे कि शाइस्ता ने 28 अक्टूबर को कहा था कि सीएम योगी हिंदुस्तान में हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा हैं। वह सर्व समाज का चेहरा हैं। वह मुसलमानों के बीच भी खूब लोकप्रिय हैं और सभी के लिए बराबरी से काम कर रहे हैं। बाहुबली अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम खुला पत्र भी लिखा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के लिए समय भी मांगा था।
अतीक अहमद की पत्नी ने प्रयागराज के दो बड़े अधिकारियों को लेकर भी योगी सरकार के एजेंडे को धूमिल करने का गंभीर आरोप लगाया था। शाइस्ता ने प्रयागराज जोन के एडीजी प्रेम प्रकाश और आईजी राकेश सिंह को अतीक अहमद के विरोधियों से मिलकर उनके बेटों को फर्जी मुकदमों में फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगाया था।
उन्होंने कहा था कि प्रयागराज के आईजी चुनाव लड़ना चाहते हैं, इसके लिए वह उनके विरोधियों से मिलकर उनके बेटों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कराते हैं और उसके एवज में रुपयों की वसूली होती है।
शाइस्ता ने कहा है कि क्रिमिनल्स को आईजी प्रयागराज अपने दफ्तर में बैठाकर कोल्ड कॉफी पिलाते हैं। अतीक की पत्नी ने बेटों को फर्जी मुकदमे में फंसाए जाने का संज्ञान लेकर सीएम योगी से निष्पक्ष जांच और कार्यवाही की मांग की थी।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने की इच्छा जाहिर करते हुए कहा था कि अगर उन्हें मिलने का मौका वह देते हैं तो वह मिलकर इस पूरे मामले को उनके सामने रखकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग करेंगी।